चंडीगढ़ विश्वविद्यालय MMS मामले

चंडीगढ़ विश्वविद्यालय MMS मामले

चंडीगढ़: चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में लड़कियों के वीडियो लीक के मामले में सूत्रों के अनुसार पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को शिमला से गिरफ्तार कर लिया है, यह दूसरी गिरफ्तारी है। पंजाब पुलिस लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो को वायरल करने वाली आरोपी लड़की को भी गिरफ्तार कर चुकी है। हिमाचल प्रदेश से आरोपी लड़की के बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार करने की भी तैयारी है। इस बीच चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में जबरदस्त हंगामा जारी है।

मोहाली के एसपी नवरीत सिंह विर्क ने मीडिया को मामले की जानकारी देते हुए कहा कि “अब तक की जांच में आरोपी लड़की के मोबाइल फोन से सिर्फ उसी के कुछ आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, जो उसने अपने बॉयफ्रेंड को भेजे थे। इसके अलावा अन्य किसी भी लड़की का कोई भी वीडियो नहीं मिला है। इस बात की जांच करने के लिए कि उसने कहीं दूसरी लड़कियों के वीडियो डिलीट तो नहीं कर दिए हैं। लड़की के फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। आरोपी लड़की के बॉयफ्रेंड के मोबाइल फोन को भी जब्त करके फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। ना तो इस पूरे मामले में किसी लड़की ने सुसाइड किया है और ना ही सुसाइड करने का प्रयास किया है, सिर्फ अफवाहें ही इसे लेकर फैल रही हैं। रात को जब लड़कियां प्रोटेस्ट कर रही थी, तब कुछ लड़कियां सफोकेशन की वजह से तो कुछ पैनिक अटैक की वजह से बेहोश हो गई। जिन्हें एंबुलेंस के जरिए फर्स्ट एड के लिए भेजा गया था।

इस बीच चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के एक छात्र ने मीडिया से कहा कि वीडियोज लीक होने की घटना हॉस्टल के 7वें फ्लोर की है। जिन लड़कियों ने सुसाइड करने की कोशिश की उन्हें सामने लाया जाए। यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से छात्रों को बताया गया है कि वो लड़कियां अपनी पहचान जाहिर नहीं करना चाहती। कुछ छात्रों का आरोप है कि लड़कियों को बंद करके रखा गया है।

डीसी अमित तलवार ने कहा कि इस मामले की जांच एसआईटी करेगी। महिला अधिकारी को भी इस जांच में शामिल किया गया है। प्रशासन मजिस्ट्रेट जाँच भी कराएगी। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी कैम्पस में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं वी वांट जस्टिस के नारे के साथ सतत आन्दोलन कर रहे हैं।

चंडीगढ़ विश्वविद्यालय मामले पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जो भी इस अपराध में दोषी होगा सख्त कार्रवाई करेंगे। आप सभी से अपील है करता हूं कि अफवाहों से बचें। बेटियां हमारी शान, मर्यादा और गौरव हैं और ऐसी कोई भी घटना निंदनीय है”।

तो इस घटना पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा “इस घटना में शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में एक लड़की ने कई छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया। यह बेहद संगीन और शर्मनाक है। इसमें शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। पीड़ित बेटियां हिम्मत रखें। हम सब आपके साथ हैं, सभी संयम से काम लें”।

पंजाब महिला आयोग की अध्यक्षा मनीषा गुलाटी ने भी विश्वविद्यालय पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि ‘मैं अभिभावकों की चिंता को समझ सकती हूं। और, उन्हें आश्वस्त करना चाहती हूं कि इस मामले की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। यह गहन का जांच का विषय है कि महिला ने क्यों वीडियो बनाया। क्या उसने अन्य लड़कियों का वीडियो रिकॉर्ड किया यह जांच का विषय है।’ (चित्र साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *